बिलासपुर पहुंचा सचिन तेंदुलकर का परिवार, ग्रामीणों के साथ बिताया समय, स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण, देखें खूबसूरत तस्वीरें
बिलासपुर। Tendulkar Family Arrives In Bilaspur: देश के महान पूर्व क्रिकेटर और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर का परिवार अचानक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे पर पहुंचा जहां उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बहू सानिया चांडक तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और चिकित्सकों की टीम ने ग्राम बम्हनी में जनस्वास्थ्य उपकेंद्र, फुलवारी केंद्र सहित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया।


ग्राम सरपंच राजकुमार ध्रुवे और ग्रामीण मनीराम ने बताया कि, गनियारी जनस्वास्थ्य समिति वनांचल के गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं संचालित कर रही है। इसी के कार्यों का जायजा लेने तेंदुलकर परिवार मंगलवार को बम्हनी पहुंचा, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से भी संवाद किया।


इस दौरान शहर की चकाचौंध से दूर, परिवार ने गांव की सादगी को करीब से महसूस किया। बच्चों और मरीजों से मुलाकात की, वहीं गांव में पैदल घूमकर लोगों से बातचीत भी की। गांव में नवजात शिशु को गोद में लेकर प्यार जताना ग्रामीणों से सहजता से बातचीत करना लोगों से घुलना-मिलना दौरे की खास झलक रही। जिसकी तस्वीरें भी सामने आई है।


Tendulkar Family Arrives In Bilaspur: बता दें कि, पूरा दौरा लो-प्रोफाइल रखा गया, लेकिन बाद में इसकी तस्वीरें सामने आने पर चर्चा तेज हो गई। यह दौरा भले ही लो-प्रोफाइल रहा, लेकिन इसमें सादगी, संवेदनशीलता और समाज के प्रति जुड़ाव साफ नजर आया।






