सेंट्रल जेल में 2 दिन में दूसरी मौत, अब रेप के आरोपी की हुई मौत, जेल प्रबंधन पर फिर लगे गंभीर आरोप
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Central Jail: सेंट्रल जेल में एक बार फिर कैदी की संदिग्ध मौत ने जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सजायाफ्ता कैदी दिनेश कुमार देशमुख की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार देशमुख को 26 दिसंबर को दुर्ग जेल से रायपुर सेंट्रल जेल लाया गया था।जेल में बंद रहने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल, मेकाहारा में भर्ती कराया गया। मेकाहारा में इलाज के दौरान कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दिनेश कुमार देशमुख रेप के मामले में सजा काट रहा था।घटना के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि कैदी की तबीयत लगातार खराब होने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं कराया गया, जिससे उसकी जान चली गई। परिजनों ने इसे जेल प्रशासन की लापरवाही बताया है।
Raipur Central Jail: वहीं मामले की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके। गौरतलब है कि यह दो दिनों के भीतर जेल में हुई दूसरी मौत है। इससे पहले भी जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे थे। लगातार हो रही घटनाओं ने जेल की स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रबंधन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।




