
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद 85 बच्चे बीमार हो गए। यह घटना सरैया प्रखंड के पोखरैरा बिचला टोले स्थित एक प्राथमिक विद्यालय की है।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, बच्चों को दी जा रही सब्जी में छिपकली गिर गई थी। खाना खाते ही कई बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद अफरातफरी मच गई और स्कूल से अस्पताल तक हड़कंप का माहौल बन गया।
अस्पताल ले जाए गए बच्चे
प्रधानाध्यापक रमेश राम ने बताया कि स्कूल में 102 बच्चे नामांकित हैं और बुधवार को 100 छात्र-छात्राएं परीक्षा देने आए थे। परीक्षा के बाद जब वे एमडीएम खाने बैठे, तभी यह हादसा हुआ।
62 बच्चों को एम्बुलेंस से सीएचसी सरैया भेजा गया। वहां आठ बच्चों की हालत गंभीर लगी तो उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया। बाकी बच्चों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। कुछ परिजनों ने अपने बच्चों को निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना
बीईओ मंजू कुमारी ने कहा, “घटना की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”
मिड-डे मील (एमडीएम) योजना का उद्देश्य गरीब बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों पर सकारात्मक असर पड़े। लेकिन पोखरैरा की यह घटना बताती है कि निगरानी और स्वच्छता में लापरवाही कितनी गंभीर नतीजे ला सकती है।




