भाजपा पार्षद की धमकी से रो पड़ी डरी सहमी BLO, वायरल हुआ वीडियो, अब कांग्रेस पार्षद ने की कार्रवाई की मांग
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर 16 नवंबर 2025 पुरानी बस्ती में चल रहे मतदाता विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान एक अत्यंत दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है।
शासकीय BLO अपनी ड्यूटी के तहत घर-घर मतदाता सत्यापन कर रही थीं। इसी दौरान पुरानी बस्ती के भाजपा पार्षद अंबर अग्रवाल ने उन पर दबाव बनाया, उन्हें डराया-धमकाया और कांग्रेस प्रतिनिधियों को उनके साथ न चलने की चेतावनी दी।
धमकी का स्तर इतना बढ़ गया की डरी और सहमी BLO वही पर ही रो पड़ी। यह घटना न केवल अमानवीय है बल्कि पूरी तरह अवैधानिक है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो चुका है, जो भाजपा पार्षद के व्यवहार को स्पष्ट रूप से साबित करता है।
कांग्रेस के छाया पार्षद बंशी कन्नौजे ने बेहद कठोर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा की यह अत्यंत शर्मनाक है कि पुरानी बस्ती के भाजपा पार्षद अंबर अग्रवाल ने एक शासकीय BLO को इस कदर धमकाया कि वह डर के मारे वहीं रो पड़ी। वीडियो पूरी सच्चाई को उजागर करता है। यह सरकार संचालित कार्य में बाधा डालने, एक महिला कार्मिक को मानसिक प्रताड़ना देने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का अपराध है।
Raipur News: उन्होंने आगे कहा कांग्रेस पार्टी ऐसे अमानवीय कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेगी। हम तत्काल FIR की मांग करते हैं। चुनाव आयोग को संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि कोई भी जनप्रतिनिधि सरकारी कर्मचारियों को धमकाने की हिम्मत न कर सके। साथ ही BLO और सहयोगी टीमों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।



