लापरवाही ने ली मासूम की जान, खुले सेप्टिक टैंक के गड्डे में गिरकर बच्ची की मौत, मकान मालिक पर लगे गंभीर आरोप
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर से इस वक्त एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। जहां खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से एक 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब बच्ची घर के पास खेल रही थी। वहीं इस घटना को लेकर परिजनों और आसपास के लोगों में आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। यहां हफ्ते भर पहले सेप्टिक टैंक साफ करवाने के लिए मकान मालिक ने गड्ढा करवाया था। लेकिन सफाई के बाद भी गड्ढे को न तो ढका गया और न ही किसी तरह की चेतावनी लगाई गई। जिस वजह से बच्ची खेलते-खेलते अचानक खुले गड्ढे में गिर गई।
Raipur News: सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कहा गया कि, अगर समय रहते गड्ढे को ढक दिया गया होता, तो आज ये हादसा नहीं होता। वहीं इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।




