काम से इनकार की सजा: रसोइया से बेरहमी, मारपीट के बाद अमानवीय कृत्य
भागलपुर के नारायणपुर में असामाजिक तत्वों की दरिंदगी, मायागंज में चल रहा इलाज

भागलपुर: भागलपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। भवानीपुर थाना अंतर्गत वीरबन्ना गांव में एक रसोइया के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि असामाजिक तत्वों ने उसके मुंह पर पेशाब कर अपमानित भी किया। इस घटना में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
काम बदलने से इनकार बना विवाद की वजह
पीड़ित रसोइया की पहचान वीरबन्ना गांव निवासी लोथाय मंडल के रूप में हुई है। लोथाय मंडल ने बताया कि वह पहले से तय जगह पर रसोइया का काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही मंजूर अली ने उस पर दबाव बनाया कि वह उसकी मर्जी के अनुसार दूसरी जगह काम करे। जब लोथाय मंडल ने इससे इनकार किया, तो आरोपी उससे नाराज़ हो गया।
घूर तापते समय घेरकर किया हमला
पीड़ित के अनुसार, 11 दिसंबर की रात वह गांव में घूर ताप रहा था। तभी मंजूर अली और उसके साथ दो अन्य अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उसे जमीन पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने जबरन उसका मुंह खुलवाया और उसके साथ अमानवीय हरकत की।
गंभीर हालत में मायागंज रेफर
घटना के बाद घायल लोथाय मंडल को पहले नारायणपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
अस्पताल में दर्ज हुआ बयान
सूत्रों के अनुसार, लोथाय मंडल ने मायागंज अस्पताल में ही पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है। घटना की जानकारी मिलते ही भवानीपुर थाने की पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। पीड़ित के बयान के आधार पर मंजूर अली समेत तीन लोगों को नामजद किया गया है।
इलाके में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
इस शर्मनाक घटना के सामने आने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।




