
पुणे। पुणे-अहमदनगर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। जहां एक अनियंत्रित कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ से आ रही यात्री बस से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और घिसटते हुए एक होटल में जा घुसी।
इस दुर्घटना में बस ड्राइवर की मौत हो गई जबकि बस में सवार 22 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बस के टकराने से होटल का भी नुकसान हुआ है। शिरूर तहसील के बजरंगवाड़ी इलाके में हुआ यह भीषण हादसा होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार रात की है।
इस हादसे में घायल हुए लोगों को शिरूर के एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ शिकारापुर पुलिस स्टेशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। इस दुर्घटना के बाद तकरीबन 2 घंटे तक पुणे-अहमदनगर हाईवे जाम रहा।




