CSEB की जूनियर इंजीनियर और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, बिजली बिल वसूली के दौरान ‘मंत्री जी की चाय’ दुकानदार ने दी जान से मारने की धमकी
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर से बिजली बिल वसूली के दौरान जूनियर इंजीनियर और CSPDCL के कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना संतोषी नगर मेन रोड स्थित मंत्री जी की चाय दुकान की है। जिसके बाद बिजली विभाग ने टिकरापारा थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
दरअसल, जूनियर इंजीनियर भावना तिवारी और उनकी CSEB रावणभाठा जोन की टीम बकाया बिजली बिल 4950 रुपये वसूलने उपभोक्ता गोपाल तांडी के पास पहुंची थी। उपभोक्ता ने भुगतान से इनकार कर दिया और कर्मचारियों को बिजली बिल का भुगतान न करने की धमकी दी। वहीं जब कर्मचारियों ने बिजली कनेक्शन काटने का काम शुरू किया तो उपभोक्ता और उसके परिवार वाले शासकीय काम में बाधा डालने लगे। दुकानदार आशीष तांडी ने कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करते हुए दस्तावेज छीनने की कोशिश की और कर्मचारियों पर राजनीतिक दबाव बनाते हुए महिला अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया।
वहीं अपने साथ हुए इस दुर्व्यवहार के बाद जूनियर इंजीनियर भावना तिवारी ने मामले की शिकायत पुलिस में की और बताया कि, संतोषी नगर रोड स्थित मंत्री जी की चाय दुकान के उपभोक्ता गोपाल तांडी के कनेक्शन का 4950 रूपए बकाया था। जिसे वसूलने के लिए वे और उनकी टीम आरोपी के पास पहुंची थी, लेकिन आरोपी ने बिल का भुगतान करने से मना किया और जान से मारने की धमकी दी।
Raipur News: उन्होंने बताया कि, इस पूरे विवाद के दौरान किसी भी प्रकार से जातिगत टिप्पणी नहीं की गई है। आरोपी ने जातिगत टिप्पणी और झूठे आरोप लगाकर उन्हें माफी मांगने का दबाव बनाया। घटना के बाद टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपी आशीष तांडी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और गाली-गलौज कर बिजली विभाग के कर्मचारियों को मारने की धमकी देने के मामले में अपराध दर्ज किया है।





