छत्तीसगढ़ के इस जिले में 10 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल, नहीं लगेगी शालाएं, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश
अंबिकापुर। CG School Close: सरगुजा जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घना कोहरा और लगातार गिरता पारा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। इस भीषण ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के प्राथमिक स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। छोटे बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए कक्षा 1 से 5 तक की प्राथमिक शालाएं 10 जनवरी तक बंद रहेंगी।
बता दें कि, घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो जाती है। दिन में भी सूरज की किरणें धुंधली पड़ रही हैं। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और पारा लगातार लुढ़क रहा है। अंबिकापुर में तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे शीतलहर का असर और बढ़ गया है।
CG School Close: छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर ने आदेश जारी किया है कि कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी सरकारी, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। हालांकि, शिक्षक और अन्य स्टाफ को स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें भी ठंड से बचाव की सलाह दी गई है।




