भारत-अफ्रीका मैच से पहले IG-DIG की बैठक, चप्पे-चप्पे पर होगी पुलिस की पैनी नजर, 2 हजार जवान रहेंगे तैनात
हिमांशु पटेल/ रायपुर। IND -SA 2nd ODI Match: भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मुकाबले की तैयारियां शहर में चरम पर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस बड़े आयोजन को देखते हुए पुलिस व्यवस्था को लेकर रायपुर पुलिस की महत्वपूर्ण बैठक जारी है। IG रायपुर रेंज और DIG गिरिजाशंकर जायसवाल स्वयं पुलिस तैयारी की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और इस समय DSP व ASP स्तर के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक ले रहे हैं। बैठक में SSP रायपुर सहित शहर के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद हैं।
BCCI प्रोटोकॉल के तहत की गई सुरक्षा-व्यवस्था
स्टेडियम BCCI को हैंडओवर होने के बाद यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय मैच है, इसलिए सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह BCCI प्रोटोकॉल के तहत तैयार की जा रही है। पुलिस ने सुरक्षा को कई जोन में बांटने का निर्णय लिया है। मैच के दिन लगभग 2,000 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। स्टेडियम परिसर, पार्किंग, वीआईपी एरिया से लेकर दर्शक दीर्घा तक विशेष सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। साथ ही टीम होटल, स्टेडियम तक का पूरा रूट और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
IND -SA 2nd ODI Match: यातायात व्यवस्था के लिए भी अलग प्लान तैयार है, ताकि भीड़ के बावजूद शहर में ट्रैफिक सुचारू रहे। ड्रोन कैमरों से निगरानी, एंटी-सैबोटाज चेक और QRT टीमों की तैनाती के प्रस्ताव पर भी चर्चा चल रही है…रायपुर पुलिस का लक्ष्य मैच के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी न आने देना।




