वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण, विद्यार्थियों से मुलाकात कर दिए परीक्षा तनाव से दूर रहने के टिप्स
रायगढ़। Raigarh News: रायगढ़ में आज वित्त मंत्री और विधायक ओपी चौधरी का दिन पूरी तरह जन-संवाद और विकास समीक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने सुबह पुसौर विधानसभा के झलमला स्कूल में कक्षा 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों से मुलाकात कर परीक्षा तनाव से दूर रहने, नियमित पढ़ाई और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
बता दें कि, स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण करते हुए मंत्री ने कहा कि, ग्रामीण बच्चे प्रतिभा से भरे होते हैं, उन्हें केवल संसाधन और सही दिशा की जरूरत है। वहीं मेरिट सूची में आने वाले प्रतिभावान बच्चों को एक लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा भी की। इसी के साथ, वित्त मंत्री ने शहर में जारी करोड़ों की परियोजनाओं का कई घंटों तक विस्तृत निरीक्षण किया।
Raigarh News: ऑक्सीजोन, नालंदा परिसर, सिंथेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल, मिट्ठूमुड़ा तालाब, पहाड़ मंदिर परिसर, केलो नदी विकास और शहर की छह प्रमुख सड़कों के फोरलेन निर्माण जैसे कार्यों की प्रगति का खुद आकलन किया। मंत्री ने कहा कि, रायगढ़ को महानगर जैसी सुविधाएँ देने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, और सभी काम उच्च गुणवत्ता व निर्धारित समय सीमा में पूरे करने होंगे।




