
प्रविंस मनहर/रायपुर – रायपुर शहर कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराधों को लेकर टिकरापारा थाना का घेराव किया और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में थाने का घेराव करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राजधानी में कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दो दिन पहले सिमरन सिटी में हुई हत्या की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं आम जनता में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।




