स्कूल बस-ट्रक भिड़ंत, कई मासूम घायल
अमनौर-सुनोहो एसएच-73 पर बड़ा हादसा, ग्रामीणों की तत्परता से बचीं दर्जनों जानें
सारण : रुवार सुबह सारण जिले के अमनौर-सुनोहो एसएच-73 मार्ग पर स्थित खोरी पाकर भारत पेट्रोलियम पंप के पास स्कूली बच्चों की बस और एक ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। हिमालयान इंटरनेशनल स्कूल, परसा की इस बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीण बने फ़रिश्ते
हादसे के बाद बस और ट्रक के चालक मौके से फरार हो गए। लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और घायल बच्चों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला। सभी बच्चों को अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दो-तीन को गहरी चोट लगी है, जिन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर जाम हटवाकर यातायात बहाल किया गया। 112 पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों की नजर
गांववालों के मुताबिक, बस अमनौर, बिशुनपुरा और लच्ची गांव से बच्चों को लेकर परसा स्कूल जा रही थी। तभी सामने से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में बस से टकरा गया। कई लोगों का कहना है कि अगर बस चालक सतर्क रहता और गति धीमी रखता, तो हादसा टल सकता था।
सुरक्षा पर सवाल
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर से बिहार में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और सड़क नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अभिभावक डरे हुए हैं कि उनके बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी पुख्ता है। शिक्षा विभाग और प्रशासन पर दबाव है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और स्कूल बसों की नियमित जाँच सुनिश्चित हो।




