कलिंगा यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग से गिरने से नाइजीरियन छात्र की मौत, मामले में बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड गिरफ्तार,
रायपुर। Raipur Kalinga University: राजधानी के नवा रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी की चार मंजिला बिल्डिंग से गिरने से नाइजीरियन मूल के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान सैम के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद और कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विदेशी मूल की एक छात्रा के साथ कथित बदसलूकी के दौरान उसका बॉयफ्रेंड मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान नाइजीरियन छात्र सैम ने कथित तौर पर चार मंजिला इमारत की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में नोई नामक युवक और उसकी महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया है।
Raipur Kalinga University: मामले में मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सैम की मौत चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण हुई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी विस्तृत जानकारी ली जा रही है। इस घटना के बाद से कैंपस में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।




