राजधानी में खौफनाक वारदात, स्कूल के पास मिली महिला की संदिग्ध लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Crime News: रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। उरला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। सरकारी स्कूल के पास एक महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान राधा मंडावी के रूप में हुई है, जो पारधी मोहल्ले की रहने वाली बताई जा रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।
Raipur Crime News: फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।




