
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अपोलो अस्पताल के फर्जी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेंद्र विक्रमादित्य यादव के इलाज से हुई मरीजों की मौत के बाद अब कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने अपोलो अस्पताल प्रबंधन पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर “स्वास्थ्य न्याय यात्रा” की घोषणा की है। इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
अपोलो अस्पताल चौक से शुरू होगी यात्रा
यह यात्रा शुक्रवार को दोपहर 2 बजे अपोलो अस्पताल चौक से शुरू होकर चिंगराजपारा, रामायण चौक, मेला चौक, जबड़ापारा, पुराना पुल, देवकीनंदन चौक और चांटापारा होते हुए नेहरू चौक पहुंचेगी, जहां एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
अपोलो चेयरपर्सन सहित शीर्ष अधिकारियों पर FIR की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी और शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य न केवल फर्जी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करना है, बल्कि अपोलो अस्पताल के चेयरपर्सन डॉ. प्रताप रेड्डी, एक्सक्यूटिव चेयरपर्सन पृथा रेड्डी, रीजनल हेड डॉ. मनीष मट्टू और बिलासपुर यूनिट हेड अर्णव राहा पर भी हत्या की धारा के तहत FIR दर्ज कराना है।
लचर स्वास्थ्य व्यवस्था और फर्जी डिग्री की जांच की मांग
नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन छत्तीसगढ़ की खराब स्वास्थ्य व्यवस्था, फर्जी डॉक्टरों की नियुक्ति, आयुष्मान भारत योजना का गरीबों को लाभ न मिल पाने और विदेशी डिग्रीधारी डॉक्टरों की वैधता की जांच के मुद्दों पर आधारित है। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए यह यात्रा जनआंदोलन का रूप लेगी।
प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता होंगे शामिल
इस यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।



