छात्रों के दो गुटों के बीच बवाल, थाने के सामने ही जमकर चले लात-घूसे, मारपीट का वीडियो आया सामने
भिलाई। Students Fight Viral Video: जुनवानी स्थित शंकराचार्य यूनिवर्सिटी में आयोजित एनुअल फंक्शन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच आपसी विवाद हो गया। लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि, मामला मारपीट तक पहुंच गया। एनुअल फंक्शन के बीच शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। यूनिवर्सिटी प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह छात्रों को वहां से हटाया, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
दरअसल, घटना के बाद दोनों गुटों के छात्र स्मृति नगर थाने के सामने फिर से आमने-सामने आ गए और वहां भी जमकर मारपीट की। इस दौरान कई छात्रों को चोटें आईं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें छात्र एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, शंकराचार्य यूनिवर्सिटी में एनुअल फंक्शन के दौरान छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद दोनों पक्ष स्मृति नगर थाने के सामने पहुंच गए और वहां भी भिड़ गए।
Students Fight Viral Video: पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी छात्रों को वहां से हटाया। इस मामले में छात्र ईशान चंद्रवंशी को चोटें आई हैं। उसकी रिपोर्ट पर आदित्य गिरी और अन्य छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो छात्रों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीएसपी ने कहा कि, जो भी छात्र इस झगड़े में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




