
पखांजुर से विप्लब कुंडू की रिपोर्ट-
पखांजुर। कांकेर जिले के परतापुर थाने इलाके के महला बीएसएफ कैम्प से सोमवार को सुबह एरिया डेमिनेशन पर निकली पुलिस पार्टी पर नक्सलियों ने हमला (Naxalite encounter) कर दिया है। कांकेर के महला कैंप से गश्त पर निकली बीएसएफ की टीम पर घात लगाए नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट ( IED blast) कर तबाड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में एक जवान घायल (Jawan injured) हो गया है। कुछ नक्सलियों को भी गोली लगने की खबर है। सर्चिंग के दौरान वहां से जवानों ने 3 आईईडी बम भी बरामद हुआ है।
कौन है घायल जवान
जानकारी के मुताबिक घायल जवान का नाम कृपा शंकर है, जो कि बीएसएफ महला कैम्प के 157 बटालियन में तैनात है। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
कैसे हुई मुठभेड़
आईजी पी सुंदरराज ने बताया कि पुलिस पार्टी महला बीएसएफ (BSF) कैम्प से एरिया डेमिनेशन के लिए निकली थी। उसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने पहले आईईडी ब्लास्ट किया। उसके बाद दोनों ओर से घात लगाकर पोजीशन लिए नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरु कर दी। अचानक हुई फायरिंग से बिना घबराए अदम्य साहस और अद्भुत रणकौशल का परिचय देते हुए जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। इस फायरिंग में एक जवान घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जंगलों की आड़ लेकर हुए फरार
मुठभेड़ के दौरान जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगलों की आड़ लेकर फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की सर्चिंग करने पर 3 आइईडी भी बरामद हुई जिसे डिफ्यूज (Diffuse) कर दिया गया है। वहीं मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों को गोली लगने की भी खबर है। फिलहाल सर्चिंग अभियान जारी है।




