सरगुजा ओलंपिक को लेकर दीपक बैज का बड़ा बयान, कहा-‘गर्मी में आयोजन कर युवाओं को सजा दे रही सरकार’
रायपुर। Deepak Baij On Sarguja Olympics: सरगुजा ओलंपिक के आयोजन को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, मार्च-अप्रैल की भीषण गर्मी में ऐसा आयोजन युवाओं के लिए सजा बन रहा है। उनका कहना है कि इस तरह के खेलों का आयोजन ठंड के मौसम में होना चाहिए।
दीपक बैज ने सवाल उठाया कि, प्रदेश में परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में युवा कैसे ओलंपिक में भाग ले पाएंगे। उन्होंने सरकार से यह गारंटी देने की मांग की कि बस्तर जैसे सरगुजा ओलंपिक में किसी प्रकार का घोटाला नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि, जनता की गाढ़ी कमाई का गलत उपयोग किया जा रहा है और भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए लाए गए नए कानून केवल युवाओं को गुमराह करने वाला छलावा है।
दीपक बैज ने कहा कि, सरकार नई नौकरियां देने में विफल है, व्यापम पहले से मौजूद है, ऐसे में कर्मचारी चयन बोर्ड बनाने का कोई फायदा नहीं। उन्होंने वन, पुलिस, आरआई और पीडब्ल्यूडी भर्ती परीक्षाओं में हुए भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया।
अफीम की खेती का किया जिक्र
Deepak Baij On Sarguja Olympics: रायगढ़ में अफीम की खेती मिलने पर दीपक बैज ने कहा कि, कहीं न कहीं यह सरकारी संरक्षण में हो रही है और जनता की सूचना पर मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर इसका सरगना कौन है और किसके इशारे पर यह खेती हो रही है।




