168 दिनों बाद जेल से बाहर आएंगे चैतन्य बघेल, निवास पर उमड़ा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम,
रायपुर। Chaitanya Baghel Bail: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने कल ईडी और ईओडब्ल्यू एसीबी से जुड़े दोनों मामलों में चैतन्य बघेल की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है। इसके बाद आज उन्हें जेल से रिहा कर घर लाने की तैयारी की जा रही है।
चैतन्य बघेल को ईडी ने शराब घोटाले मामले में पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चैतन्य बघेल को 18 जुलाई को उनके जन्मदिन पर भिलाई निवास से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। वहीं हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद जमानत मंजूरी दी। जैसे ही जमानत की खबर सामने आई, भिलाई स्थित विलायती निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, मिठाइयाँ बाँटी और भूपेश बघेल को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। घर पर उत्सव जैसा माहौल बन गया है और विशेष स्वागत की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
बता दें कि, चैतन्य बघेल करीब 168 दिनों बाद जेल से बाहर आ रहे हैं। उन्हें 18 जुलाई 2025 को ईडी ने गिरफ्तार किया था। समर्थकों का कहना है कि, यह सत्य और न्याय की जीत है और इससे भारतीय न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। खास बात यह है कि आज चैतन्य बघेल के पुत्र विवान बघेल का जन्मदिन है। ऐसे में परिवार और समर्थकों के लिए यह डबल खुशी का अवसर बन गया है, एक ओर बेटे का जन्मदिन और दूसरी ओर पिता की घर वापसी।
Chaitanya Baghel Bail: वहीं इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, ईडी और ईओडब्ल्यू द्वारा साजिशन गिरफ्तारी की गई थी, जिसका उस समय कांग्रेस ने जोरदार विरोध किया था। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले से साबित हुआ है कि सत्य की ही जीत होती है और न्यायपालिका पर देश की जनता का भरोसा कायम है। उन्होंने इसे परिवार और समर्थकों के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक दिन बताया।




