11 साल की बच्ची से 63 साल के बुजुर्ग ने किया रेप
बिस्किट का लालच देकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति ने किया रेप, गिरफ्तार

बिहारशरीफ: इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है। बिहार के नालंदा जिले में एक 11 साल की मासूम के साथ उसी के गांव के 63 साल के बुजुर्ग ने दरिंदगी की। आरोपी, जो कि एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख का पति है, बच्ची को बिस्किट का लालच देकर अपने घर ले गया और वहां उसने अपनी हवस का शिकार बनाया।
यह दिल दहला देने वाली घटना बिंद थाना क्षेत्र में हुई। शनिवार को स्कूल से लौटते वक्त, बच्ची को आरोपी दिलीप महतो ने रोक लिया। मासूमियत का फायदा उठाते हुए, उसने उसे बिस्किट देने की बात कही और अपने घर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
डरी-सहमी बच्ची किसी तरह घर पहुंची और सीधे गौशाला में जाकर सो गई। जब उसकी मां वापस लौटीं और बच्ची को ढूंढने लगीं, तो गौशाला में उसे लहूलुहान हालत में पाया। बेटी की हालत देख मां के होश उड़ गए। हिम्मत करके जब मां ने पूछा, तब बच्ची ने सारी आपबीती बताई।
परिवार ने तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और आरोपी दिलीप महतो को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर समाज में मासूमों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है।




