पानी टंकी में इस हालत में मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप, दूषित पानी से ही हजारों घरों में होती रही सप्लाई
दुर्ग। Durg News: दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के एक प्रमुख जल घर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्मचारियों ने पानी की सप्लाई शुरू करने से ठीक पहले पानी की टंकी के अंदर एक शव को तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही नगर निगम और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
तीन दिन पुरानी बताई जा रही लाश
जानकारी के अनुसार, जल घर के करीब 30 फीट गहरे चैंबर में मशीन के अंदर फंसा यह शव पानी का स्तर बढ़ने पर ऊपर आया, जिससे इस गंभीर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और आंशिक रूप से डीकंपोज्ड (विघटित) अवस्था में था। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिसकी उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष अनुमानित है।
वीआईपी क्षेत्रों में हुई दूषित पानी की सप्लाई
यह घटना इसलिए भी अधिक गंभीर है क्योंकि यह वही जल घर है, जिससे सिविल लाइन सहित तीन बड़े क्षेत्रों में पीने के पानी की सप्लाई की जाती है। इन क्षेत्रों में संभागायुक्त, कलेक्टर (Collector) और एसएसपी (SSP) जैसे जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी निवास करते हैं।
लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना को लेकर नगर निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, “तीन दिन पुरानी लाश टंकी में पड़ी रही और निगम प्रशासन ने लगातार पानी की आपूर्ति जारी रखी।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस लापरवाही के कारण हजारों लोगों के स्वास्थ्य पर संक्रमण और बीमारी का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने तत्काल मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
Durg News: डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि, पुलिस ने एफएसएल (Forensic Science Laboratory) टीम के साथ जांच शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के कारणों और मृतक की पहचान पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना के बाद पूरे शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, और लोग अपने घरों में हुई दूषित पानी की सप्लाई को लेकर चिंतित हैं।




