हॉस्टल के कमरे में बुझ गया सपना, इंजीनियरिंग की छात्रा ने फंदे से दी जान
पूर्णिया के पीजी गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार सुबह की घटना, दरभंगा की रहने वाली थी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा

पूर्णिया : पूर्णिया में एक होनहार छात्रा का सपना अचानक खामोशी में बदल गया। मरंगा थाना क्षेत्र के शक्ति नगर स्थित पीजी गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली एक इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार की सुबह सामने आई, जब छात्रा अपने कमरे में अचेत अवस्था में पाई गई।
मृतका इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से दरभंगा जिले के सिमरी की रहने वाली थी। सूचना मिलने पर मरंगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया।
घटना की खबर मिलते ही छात्रा के माता-पिता मंगलवार दोपहर हॉस्टल पहुंचे। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार की देर रात बेटी से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान बेटी ने बुखार होने की बात कही थी, लेकिन यह भी कहा था कि वह ठीक हो जाएगी और उन्हें आने की जरूरत नहीं है। मां के अनुसार, फोन पर बेटी पूरी तरह सामान्य लग रही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आखिरी बातचीत होगी।
मंगलवार की सुबह जब लगातार फोन करने के बावजूद बेटी ने कॉल रिसीव नहीं किया, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद हॉस्टल संचालक को फोन कर हालचाल जानने को कहा गया।
सुबह 9:40 बजे खुला राज
हॉस्टल संचालक ने बताया कि सुबह करीब 9:40 बजे मृतका के अभिभावकों का फोन आने के बाद वह हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर गए, जहां छात्रा रहती थी। कमरे का दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। छात्रा के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और सहपाठियों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद हॉस्टल और कॉलेज परिसर में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।




