टोकन नहीं कटने से किसानों का आक्रोश,नेशनल हाईवे 343 पर किया चक्काजाम

प्रविंस मनहर/रायपुर- बलरामपुर जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। टोकन नहीं कटने से परेशान किसानों ने नेशनल हाईवे 343 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। जानकारी के अनुसार,बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर लेकर सड़क पर उतर आए और राजपुर धान खरीदी केंद्र के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों द्वारा सड़क जाम किए जाने से हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह तीसरी बार है जब किसानों ने टोकन कटने की समस्या को लेकर सड़क पर धरना दिया है। किसानों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद धान खरीदी केंद्र में टोकन नहीं काटे जा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पूरा मामला बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड का है। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने-बुझाने की कोशिश की जा रही है।




