पटना मेट्रो की खुशखबरी! सितंबर से शुरू होगा पहला कॉरिडोर, CM नीतीश ने खुद किया निरीक्षण
पटना मेट्रो रेल परियोजना का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बैरिया टर्मिनल और जीरोमाइल मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति जांची और अधिकारियों को सितंबर 2025 तक प्रायोरिटी कॉरिडोर शुरू करने का निर्देश दिया।
PATNA : पटना मेट्रो में सफर का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज खुद पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैरिया स्थित पटना मेट्रो टर्मिनल का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मेट्रो के डिब्बे, रेलवे ट्रैक, यार्ड और पावर ग्रिड जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पटना मेट्रो रेल परियोजना का प्रायोरिटी कॉरिडोर (मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल) सितंबर माह तक शुरू हो जाए।
मुख्यमंत्री ने जीरोमाइल मेट्रो स्टेशन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। इस परियोजना के शुरू होने के बाद पटना के लोगों को आवागमन के लिए एक नया, सुरक्षित और तेज विकल्प मिलेगा, जिससे उनके सफर में सुविधा होगी।

पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रमुख तथ्य
पटना मेट्रो बिहार की राजधानी पटना के लिए आधुनिक रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम है।
परियोजना की कुल लागत लगभग 13,925 करोड़ रुपये है।
कुल 2 कॉरिडोर, लगभग 32 किलोमीटर लम्बाई में विकसित किए जा रहे हैं।
पहला कॉरिडोर मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक, लगभग 6.49 किलोमीटर लंबा है।
कुल 5 प्रमुख स्टेशन होंगे: मलाही पकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ, जीरो माइल, न्यू आईएसबीटी।
स्वचालित किराया संग्रह व प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
मेट्रो कोच पुणे से आ चुके हैं और ट्रायल रन सफलतापूर्वक शुरू हो चुका है।
प्राथमिक कॉरिडोर के सितंबर 2025 तक चालू होने का लक्ष्य रखा गया है।
ये परियोजना पटना के यातायात जाम को कम कर, सुरक्षित और तेज आवागमन का विकल्प देगी।




