कोरिया: उत्कृष्ट कार्य के लिए लगातार दूसरी बार सम्मानित हुए डॉ. फय्याज आलम, गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंत्री जयसिंह के हाथों मिला सम्मान

कोरिया। देश भर में बड़े हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। वही छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में राष्ट्रीय पर्व 74वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, वाणिज्यिक कर मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जिले की समस्त जनता को हार्दिक बधाई दी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

कार्यक्रम में मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शहीदों के परिजनों को शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने पर लगातार दूसरी बार सम्मानित हुए डॉ.आलम
वहीं कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया की ओर से किसान उत्पाद संगठन कोरिया एग्रो कंपनी लिमिटेड के संचालक डॉ. फय्याज आलम को मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक कोरिया के हाथों सम्मानित किया गया।
बता दें कि कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वतंत्रता दिवस 2022 के अवसर पर भी डॉ. फय्याज आलम को सम्मानित किया जा चुका है। डॉ. फय्याज लगातार दूसरी बार कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किए गए हैं।

आकर्षक मार्च पास्ट एवं परेड, सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन
परेड कमाण्डर सूबेदार रमेश कुमार पुरेना को मोमेंटो प्रदान किया गया। सशस्त्र दल परेड सीनियर में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल महिला, द्वितीय स्थान जिला नगर सेना एवं तीसरा स्थान शालेय दल परेड जूनियर में जूनियर दल को प्राप्त हुआ। पीटी में सामूहिक एरोबिक्स प्रदर्शन के लिए सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल को सामूहिक मोमेंटो दिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान जवाहर नवोदय विद्यालय, द्वितीय सर्वेश्वरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं तृतीय स्थान पर शासकीय कन्या शाला बैकुंठपुर रहा। समारोह में सेजेस बैकुंठपुर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटना, एवं सेंट जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा भी मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।

झांकी का प्रदर्शन
झांकी में प्रथम स्थान जिला पंचायत कोरिया, द्वितीय वनमण्डल बैकुंठपुर एवं तृतीय स्थान पर समाज कल्याण विभाग रहे। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, स्वास्थ्य विभाग, आदिवासी विकास, रेशम, मत्स्य विभाग एवं गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान की टीम द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया गया।
जिले के प्रथम झुमका जल महोत्सव के पूर्व प्रशासन द्वारा आयोजित लोगो, मोमेंटो और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान पुरस्कृत किया गया। लोगो डिजाइन में तरुण कुमार, मोमेंटो डिजाइन में दीपाली गुप्ता और पेंटिंग में अरविंद नागवंशी, जेया फातिमा और स्वप्निल सिंह को पुरस्कृत किया गया।




