मुख्यमंत्री निवास के सामने बिल्डिंग में लगी आग, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप, देखें वीडियो
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के भगत सिंह चौक में कल शनिवार रात 8:00 बजे बड़ी आगजनी हो गई। चौक स्थित एक बिल्डिंग के तीसरे माले पर बंद पड़े जिम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुआं पूरे इलाके में फैल गया और चौक पर अफरातफरी का माहौल बन गया। चूंकि घटना मुख्यमंत्री निवास के ठीक सामने हुई, इसलिए प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया।
आग लगने की वजह फिलहाल अज्ञात बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिम लंबे समय से बंद पड़ा था, इसलिए आग लगते ही किसी ने तुरंत सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां तुरंत पहुंचीं। फायर टीम ने स्थिति को भांपते हुए तेजी से रेस्क्यू शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया।हादसे में जिम के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।
Raipur News: वहीं राहत की बात यह रही कि बिल्डिंग में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। आग की वजह से चौक पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम भी लग गया।फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग के कारणों की जांच में जुट गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।




