Breaking news
Advertisement
क्राइमट्रेंडिंग-न्यूज़देशदेश-विदेशबड़ी खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ग्रामीणों की एकजुटता से टूटा अंतरराज्यीय चोर गिरोह का नेटवर्क

फायरिंग के बीच साहस दिखा कर सात शातिर गिरफ्तार, यूपी–समस्तीपुर से संचालित होता था चोरी का पूरा सिंडिकेट

दरभंगा : घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में अपराध के खिलाफ ग्रामीणों की सतर्कता और साहस ने पुलिस को बड़ी सफलता दिलाई है. ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. फायरिंग जैसी गंभीर स्थिति के बावजूद ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और अपराधियों को घेरकर पुलिस को मौके तक पहुंचने में पूरा सहयोग दिया. इस बहादुरी के बाद दोहथा गांव की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.

ग्रामीणों के अनुसार, अपराधियों ने घिरने पर फायरिंग की कोशिश की, लेकिन गांव के लोग डटे रहे. पुलिस के पहुंचते ही सभी आरोपितों को दबोच लिया गया. ग्रामीणों ने साफ कहा कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ वे पुलिस के साथ खड़े रहेंगे.

समस्तीपुर से फैलाया था चोरी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रहने वाले हैं. वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ समस्तीपुर जिले के रामभद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास रह रहे थे. यहीं से पूरे बिहार समेत कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनती थी.

फेरी के बहाने करते थे रेकी
ग्रामीण एसपी आलोक कुमार ने बताया कि गिरोह के सदस्य फेरीवाले बनकर गांव और शहरों में घूमते थे. बर्तन, कपड़े और घरेलू सामान बेचने के बहाने वे घरों की रेकी करते थे. सामान्य वेशभूषा के कारण किसी को शक नहीं होता था. इसके बाद कम पुलिस गश्त वाले इलाकों को चिन्हित कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था. चोरी के बाद गिरोह तुरंत जिला बदल देता था, जिससे पकड़ से बचा जा सके.

चोरी का माल एक जगह किया जाता था जमा
प्रारंभिक जांच में दरभंगा, बहेड़ी, बहेड़ा, लहेरियासराय और समस्तीपुर जिले के कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में इनकी संलिप्तता सामने आई है. पुलिस के अनुसार चोरी के जेवरात और नकदी समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक घर में जमा किए जाते थे. वहां छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद किया गया, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ.

जेवरात, हथियार और औजार बरामद
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्टल, पांच कारतूस, करीब दो किलो चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, ताला व शटर तोड़ने के औजार, ज्वेलरी शॉप का बैग और रसीद बुक बरामद की है. पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि बरामद गहने किरतपुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से चोरी किए गए थे.

ग्रामीणों की भूमिका को पुलिस ने सराहा
ग्रामीण एसपी आलोक कुमार ने कहा कि यह सफलता ग्रामीणों की जागरूकता और पुलिस के साथ तालमेल का नतीजा है. उन्होंने कहा कि अपराध के खिलाफ इस तरह का सहयोग पुलिस के लिए बड़ी ताकत है. जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा.

Advertisement
Tags

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close