नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन, दंडवत प्रणाम करते हुए निकले विधानसभा घेरने
रायपुर। D.Ed Candidate Protest : नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार 81 वें दिन से धरने पर बैठे डीएड अभ्यर्थियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर दंडवत प्रणाम करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि, वे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। इसी के विरोध में उन्होंने यह अनोखा तरीका अपनाया है। अभ्यर्थियों ने ऐलान किया है कि, वे तुता धरना स्थल से विधानसभा तक दंडवत प्रणाम करते हुए मार्च निकालेंगे और सरकार तक अपनी मांग पहुंचाएंगे।
बता दें कि, डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर के तूता धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। वे 2300 सहायक शिक्षक पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को आदेश दिया था कि 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों की जगह 2621 डीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाए। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण अब तक 1326 योग्य डीएड अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।
D.Ed Candidate Protest : वहीं अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा विभाग ने 2621 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन किए बिना ही कॉमन मेरिट लिस्ट के आधार पर स्कूल आवंटित कर दिए। इसके कारण कई अपात्र उम्मीदवारों को भी स्कूल मिल गए और पात्र अभ्यर्थियों को मौका नहीं मिल पाया। ऐसे में डीएड अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि सभी योग्य उम्मीदवारों को जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए।
यह भी देखें



