लकड़ी फैक्ट्री में लगी भीषण आग, ट्रैक्टर व मशीनें जलकर खाक, सुरक्षित निकाले गए दो कर्मचारी, देखें वीडियो
हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur Fire News: राजधानी के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक लकड़ी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा एक ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को दमकल कर्मियों ने करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, उरला थाना क्षेत्र स्थित भीम सरिया मिनरल प्रा. लि. की लकड़ी फैक्ट्री में आधी रात के आसपास अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से उठती लपटें और धुएं को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
वहीं सूचना मिलते ही नगर निगम और निजी संस्थानों की दमकल की छह से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर फंसे दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग की वजह से फैक्ट्री में रखा एक ट्रैक्टर और कई मशीनें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
Raipur Fire News: पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। उरला थाना पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।




