प्रधानमंत्री मोदी 31 मई को मध्यप्रदेश दौरे पर: देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर कार्यक्रम, 860 करोड़ की परियोजनाओं तक करेंगे कई घोषणाएं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे। वे सुबह 11:15 बजे भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में भाग लेंगे और इसके साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में विशेष डाक टिकट और सिक्के का विमोचन
प्रधानमंत्री देवी अहिल्याबाई को समर्पित एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपये का विशेष सिक्का भी जारी करेंगे, जिस पर अहिल्याबाई का चित्र अंकित होगा।
इस अवसर पर जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान के लिए एक महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
सिंहस्थ महाकुंभ 2028 के लिए क्षिप्रा नदी पर 860 करोड़ की परियोजना
प्रधानमंत्री उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के तहत 860 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले घाट निर्माण कार्यों की आधारशिला रखेंगे। परियोजना के तहत बैराज, स्टॉप डैम और वेंटेड कॉजवे जैसे संरचनाएं बनाई जाएंगी, जो नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित करेंगी।
दतिया और सतना हवाई अड्डों का उद्घाटन
हवाई संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री दतिया और सतना में बने नए हवाई अड्डों का उद्घाटन करेंगे। इससे विंध्य क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे।
इंदौर मेट्रो की येलो लाइन पर यात्री सेवा का शुभारंभ
इंदौर में प्रधानमंत्री मेट्रो की येलो लाइन के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं की शुरुआत करेंगे। यह पहल यातायात और प्रदूषण कम करने के साथ ही यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी।
अटल ग्राम सुशासन भवनों के लिए पहली किस्त जारी
प्रधानमंत्री राज्य की 1,271 ग्राम पंचायतों में अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण के लिए 480 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करेंगे। ये भवन स्थायी प्रशासनिक संरचना के रूप में कार्य करेंगे और ग्रामीण प्रशासन को सशक्त बनाएंगे। यह दौरा एक ओर जहां देवी अहिल्याबाई होल्कर की विरासत को सम्मानित करेगा, वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश के विकास को नई गति भी देगा।




