राजधानी की इस सोसायटी में आधी रात में बलवा, तेज गाना बजाने को लेकर घर में की तोड़फोड़, 4 लोग हुए घायल
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ फेस 2 सोसायटी में आधी रात उस वक्त बवाल मच गया जब तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला बलवे में बदल गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, C ब्लॉक में रहने वाले कुछ अज्ञात लोगों ने D ब्लॉक स्थित एक फ्लैट पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते ही जमकर तोड़फोड़ की। घर में रखे टीवी, फ्रिज समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान हमलावरों ने सोजल थावरे और आर्यन थावरे पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिसमें दोनों सगे भाई घायल हो गए।
घटना के समय दोनों भाई सोजल थावरे और आर्यन थावरे अपने दोस्तों के साथ घर में पार्टी कर रहे थे। मारपीट और हमले में दोनों भाइयों समेत कुल चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमले के दौरान कुछ युवकों ने 9वें माले में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद सभी अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए।
Raipur News: वहीं घटना को लेकर सोसायटी और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। फिलहाल पुलिस डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।



