Breaking news
Advertisement
big breakingcrimeक्राइमट्रेंडिंग-न्यूज़देशदेश-विदेशबड़ी खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

खाकी का खौफ खत्म: नगर थाने से महज 150 मीटर दूर पेट्रोल पंप कैशियर से 3.11 लाख की लूट

दिनदहाड़े पीएनबी बैंक के गेट पर पिस्टल की बट से मारकर बुजुर्ग कैशियर को किया जख्मी, सफेद अपाचे पर सवार होकर आए थे तीन बदमाश, रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम.

मुजफ्फरपुर: शहर के हृदय स्थल और पुलिस के सबसे अहम केंद्र ‘नगर थाना’ से महज 150 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने पुलिस के इकबाल को सीधी चुनौती दी है. सोमवार की भरी दोपहरी में, मोतीझील स्थित पांडेय गली में, बदमाशों ने एलके बोस पेट्रोल पंप के एक बुजुर्ग कैशियर को निशाना बनाया और बंदूक की नोक पर 3.11 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए.

इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है. पीड़ित 56 वर्षीय मणिकांत श्रीवास्तव उर्फ मदन जी को अपराधियों ने पिस्टल की बट से मारकर घायल भी कर दिया.

सालों पुराने ‘रूटीन’ की सटीक रेकी

वारदात का तरीका बताता है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे. मणिकांत श्रीवास्तव पिछले कई दशकों से पंप पर काम कर रहे हैं. उनका रोजाना का नियम था कि वे पंप की बिक्री का कैश लेकर साइकिल से पांडेय गली स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में जमा करने जाते थे.

सोमवार को भी वे अपने उसी पुराने ढर्रे पर थे. दोपहर 12:19 बजे, जैसे ही वे साइकिल के हैंडल में रुपयों से भरा बैग लटकाए बैंक के गेट पर पहुंचे, सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी यमदूत बनकर पीछे से आ धमके.

12:19 बजे: वो खौफनाक पल

बैंक गेट पर पहुंचते ही बाइक से दो अपराधी उतरे. एक ने आव देखा न ताव, मणिकांत जी के बाएं हाथ पर पिस्टल की बट से ताबड़तोड़ वार कर दिया और रुपयों वाला बैग छीन लिया. इस दौरान, उसका दूसरा साथी सड़क पर मौजूद लोगों पर पिस्टल तानकर दहशत फैला रहा था, ताकि कोई मदद को आगे न आए. तीसरा अपराधी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था. पलक झपकते ही तीनों अपराधी उसी गली से लोहिया कॉलेज की तरफ हवा हो गए.

हेलमेट में छिपे चेहरे, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिटी एसपी कोटा किरण कुमार मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों अपराधी स्टेशन रोड पेट्रोल पंप से ही कैशियर का पीछा कर रहे थे. दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि एक का चेहरा खुला था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी लोहिया कॉलेज की तरफ गए या वापस मुड़कर मोतीझील हमदर्द गली की ओर भागे.

“पंप के कैशियर से 3.11 लाख राशि की छिनतई हुई है. सीसीटीवी से अहम सुराग मिले हैं. पुलिस टीम अपराधियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.” – कोटा किरण कुमार, सिटी एसपी, मुजफ्फरपुर

Advertisement

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close