जिले में दंतैल हाथी का कहर, धान की रखवाली कर रहे मंडी प्रभारी को कुचला, इलाके में दहशत
कोरबा। Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हाथी के हमले में धान उपार्जन केंद्र के मंडी प्रभारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और वहां मौजूद दो-तीन कर्मचारी बाल-बाल बच गए। घटना ग्राम कुदमुरा की है, जो कोरबा फोर्सेट डिवीजन के अंतर्गत आने वाला हाथी प्रभावित क्षेत्र है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 2 बजे एक दंतैल हाथी धान उपार्जन केंद्र के पास पहुंच गया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। यहां आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा का धान उपार्जन केंद्र संचालित है, जहां किसानों से खरीदा गया बड़ी मात्रा में धान उठाव के अभाव में रखा हुआ था। पिछले कुछ दिनों से धान चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही थी, इसलिए मंडी प्रभारी राजेश कुमार सिंह धान की सुरक्षा के लिए अपनी पत्नी और 2-3 कर्मचारियों के साथ केंद्र में बनी अस्थायी झोपड़ी में रुक रहे थे।
Korba News: बताया जा रहा है कि, जब रात में हाथी वहां पहुंचा तो टॉर्च की रोशनी और शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की गई। इसी दौरान हाथी ने राजेश कुमार सिंह को अपनी चपेट में ले लिया और पटक-पटक कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद उपार्जन केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।




