Breaking news
Advertisement
क्राइमदेशबिहार

सोना-चांदी दुकानदार को गोली मारकर किया जख्मी, लूटपाट का शक

रुन्नीसैदपुर के बासुदेव-मौना पथ पर हुई वारदात, मुजफ्फरपुर का रहनेवाला है पीड़ित, गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में भर्ती

रून्नीसैदपुर (सीतामढ़ी): सीतामढ़ी जिले में अपराधियों का कहर लगातार जारी है। बुधवार की देर शाम महिंदवारा थाना क्षेत्र के बासुदेव-मौना पथ पर चौड़ के पास एक सोना-चांदी के दुकानदार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लूटपाट के इरादे से इस वारदात को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है।

जख्मी दुकानदार की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के गौरीगामा गांव निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ सोनू (44) के रूप में की गई है। बताया गया कि उसके बड़े भाई हीरा प्रसाद का महिंदवारा थाना क्षेत्र के वासुदेव में स्थित संजय कांप्लेक्स नामक मार्केट में उत्कर्ष ज्वेलर्स नाम से एक सोने-चांदी की दुकान है। बुधवार को हीरा प्रसाद की गैरमौजूदगी में अभिमन्यु उर्फ सोनू दुकान पर था। देर शाम वह अपनी दुकान बंद करके बाइक से वापस अपने घर जा रहा था।

जैसे ही वह बासुदेव-मौना पथ के बीच एक सुनसान जगह, जिसके आसपास चौर का इलाका है, पहुंचा, अचानक बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। अपराधियों ने उसकी बाइक को ओवरटेक करके उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन अभिमन्यु ने रुकने के बजाय तेजी से भागना चाहा। इस पर बौखलाए अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। एक गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक से गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आते देख अपराधी अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना लूटपाट के इरादे से की गई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधी लूट में सफल हो पाए हैं या नहीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी महिंदवारा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में जख्मी दुकानदार को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच (श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसकी चिकित्सा की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।

इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीण लगातार पुलिस से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Tags

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close