रायपुर की सड़कों पर नशे में ड्राइविंग करने वालों की अब खैर नहीं, 10 दिनों में 600 से ज्यादा नशेड़ी चालकों पर कार्रवाई
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले 10 दिनों में पुलिस ने बड़ी संख्या में नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़कर कार्रवाई की है।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में कुल 614 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में 8 मार्च 2026 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां 6 अलग-अलग प्वाइंट्स पर पुलिस ने जांच की, जिसमें एक ही दिन में 86 नशेड़ी वाहन चालक पकड़ में आए।

Raipur News: इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में कई महंगी कारें जैसे ऑडी और बीएमडब्ल्यू भी शामिल रही, जिन्हें नशे की हालत में चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण नशे में वाहन चलाना है। रायपुर में हर साल करीब 600 लोगों की मौत सड़क हादसों में होती है, इसलिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वाहन चलाते समय नशे से दूर रहें, तेज रफ्तार और लापरवाही से बचें, ताकि सड़क पर खुद और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



