ईरान–इजराइल तनाव के बीच छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट, नागरिकों की सहायता के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त, मिलेगी तत्काल मदद
रायपुर। Chhattisgarh Liaison Officer: मध्य पूर्व में चल रहे तनाव को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के नागरिकों को आवश्यक सहायता और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, लेखा अजगल्ले को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ भवन के आवासीय आयुक्त कार्यालय में लॉयजन अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किया गया है।
पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी संघर्ष की स्थिति को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि, यदि वहां मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो उन्हें आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
Chhattisgarh Liaison Officer: बता दें कि, आदेश में उनका मोबाइल नंबर और कार्यालय का संपर्क विवरण जारी किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।




