रहवासी इलाके में चल रहा था जिस्मों का गंदा खेल, 8 महिलाएं हिरासत में, मौके से 12 मोबाइल फोन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद
दुर्ग। Durg Sex Racket Busted: दुर्ग जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। मामला नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी का है, जहां एक मकान में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को 10 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विद्या विहार कॉलोनी के मकान नंबर 146/8 में महिलाओं को बुलाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर महिला रक्षा टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर रेड डाली।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान की संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत और एक ग्राहक अमन शेख को गिरफ्तार किया। वहीं मौके पर मौजूद 8 महिलाओं को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक पल्सर बाइक, 12 मोबाइल फोन, 5,500 रुपये नकद और देह व्यापार में उपयोग की जाने वाली आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Durg Sex Racket Busted: मामले की जानकारी देते हुए सत्यप्रकाश तिवारी (सीएसपी) ने नागरिकों से अपील की है कि, अगर आसपास कहीं भी अवैध या अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




