आरंग में होली के दिन हत्या का मामला, रंग लगाने के विवाद में की थी युवक की हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार
आरंग। Arang Murder Update: आरंग में होली के दिन हुए हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, आरंग थाना क्षेत्र में होली के दौरान रंग लगाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने नीरज लोधी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और चूड़ा भी बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में आरंग थाना में बलवा और हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च को मोनू ठाकुर, निलेश लोधी और नीरज लोधी मोटरसाइकिल से चाय पीने के लिए जा रहे थे। रास्ते में केंवसी साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और जबरन रंग लगाने की कोशिश की। नीरज लोधी ने इसका विरोध किया और रंग लगाने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने तीनों युवकों को मोटरसाइकिल से गिरा दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
Arang Murder Update: बदमाशों ने नीरज लोधी पर चाकू से एक के बाद एक कई वार किए जिससे की उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं अब इस मामले में पुलिस ने मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू, योगेन्द्र निषाद उर्फ बीरू, गौतम साहू, भोजराम निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू और धनेश निषाद को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई चाकू भी बरामद किए हैं।



