स्पा कराने की जिद्द में चला दी गोली, स्पा बंद होने के बाद पहुंचे थे दो युवक, जानें पूरा मामला

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Crime: राजधानी रायपुर के स्पा सेंटर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो युवक स्पा बंद होने के बाद जबरन घुस आये और स्पा कराने की जिद्द करने लगे। स्पा संचालिका द्वारा जब मना किया गया तो आरोपियों में एक ने पिस्टल से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। स्पा संचालक की शिकायत पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 25 फरवरी की है। रात 10 बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब क्षेत्र में स्थित एक ब्यूटी एंड स्पा की है। रात में स्पा बंद होने के बाद सुनील कुमार पाण्डेय, अंगद सिंह पहुंचे और स्पा कराने की जिद्द करने लगे। स्पा सेंटर की संचालिका ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने बहस करते हुये स्पा सेंटर में पिस्टल से फायरिंग कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। स्पा सेंटर की संचालिका ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को आज दोपहर दो बजे की। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कार्रवाई शुरू की।
संचालिका की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की और पिस्टल के साथ आरोपियों को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक नग पिस्टल और एक नग एयर गन जब्त की गई।
Raipur Crime: आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय पिता संतराम पांडेय, 46 वर्ष सकीन शेखपुर, प्रतापगढ़ यूपी – प्राइवेट पीएसओ और अंगद सिंह पिता विनोद सिंह, 33 वर्ष सकीन आदर्श नगर मोवा – ड्राइवर के रूप में हुई है।



