
रायपुर- कवर्धा में हुए हिंसा मामले को लेकर भाजपा सांसद संतोष पांडे समेत 14 भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है. 2 दिन पहले 5 अक्टूबर को शहर में कानून व्यवस्था बिगड़ने पर भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय पूर्व सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक मोतीराम चन्द्रवंशी और अशोक साहू भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शर्मा ,विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख नंदलाल चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष पीयूष ठाकुर, वरिष्ठ नेता कैलाश चंद्रवंशी ,राजेंद्र चंद्रवंशी, पन्ना चंद्रवंशी ,उमंग पांडे, राहुल चौरसिया और भुनेश्वर चंद्राकर समेत पार्टी के 14 नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
इससे पहले पुलिस ने 59 लोगों के खिलाफ IPC की धरा 147.148,149 ,153 ,188 ,295 ,332 ,353 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ़्तारी की जा चुकी है.
गौरतलब हो कि जिन 14 नेताओं के खिलाफ FIR की गयी है वे सब राजनांदगांव लोकसभा और कबीरधाम जिले के भाजपा के प्रथम पंक्ति के नेता हैं. ऐसा माना जा रहा है कि जल्द इनकी गिरफ्तारी हो सकती है हालांकि एसपी मोहित गर्ग ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि मामला संवेदनशील है और आगे की कार्यवाई सभी पहलुओं पर विचार के बाद ही की जाएगी.




