Cricket World Cup 2019 Ind vs SA: दक्षिण अफ्रीका का चुनौतीपूर्ण स्कोर, भारत को मिला 228 का लक्ष्य

साउथम्पटन। क्रिस मॉरिस (42) और कगिसो रबाडा (31 नाबाद) की अर्द्धशतकी साझेदारी (66 रन) की मददसे दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। द. अफ्रीका ने 9 विकेट पर 227 रन बनाए।
द. अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जसप्रीत बुमराह ने उसकी शुरुआत बिगाड़ी जब हाशिम अमला 6 रन बनाकर उनकी गेंद पर दूसरी स्लिप में रोहित शर्मा को कैच दे बैठे। बुमराह ने इसके बाद क्विंटन डी कॉक (10) को तीसरी स्लिप में विराट के हाथों झिलवाया। इसके बाद कप्तान प्लेसिस के साथ रासी वान डर डुसैन ने तीसरे विकेट के लिए 54 रनों की भागीदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। डुसैन ने युजवेंद्र चहल की गेंद को रिवर्स स्विप करने का प्रयास किया और वे बोल्ड हो गए। उन्होंने 22 रन बनाए। चहल ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान प्लेसिस (38) को बोल्ड कर अपनी टीम का पलड़ा भारी कर दिया।
रिव्यू लिया लेकिन फैसला उनके खिलाफ
अब उम्मीदें अनुभवी जेपी डुमिनी पर टिक गई थी लेकिन वे कुलदीप की फ्लाइटेड गेंद को ठीक से समझ नहीं पाए और 3 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने रिव्यू लिया लेकिन फैसला उनके खिलाफ ही रहा। द. अफ्रीका 89 रनों पर 5 विकेट खोकर गहरे संकट में आ गया। मिलर के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मौका था लेकिन वे 31 रन बनाने के बाद चहल की गेंद पर उन्हें रिटर्न कैच दे बैठे।
एंडिले फेहलुकवायो ने कुछ अच्छे स्ट्रोक्स खेलकर रन बनाए लेकिन वे चहल की गेंद को आगे निकलकर खेलने के प्रयास में चूके और विकेटकीपर धोनी ने उन्हें स्टंप कर दिया। उन्होंने 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाए। क्रिस मॉरिस (42) और रबाडा ने आठवें विकेट के लिए 66 रन जोड़कर स्कोर को चुनौतीपूर्ण बनाया। मॉरिस को भुवी ने चलता किया। चहल ने 51 रनों पर 4 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमरान ने 2-2 विकेट लिए।
टीम इंडिया वर्ल्ड कप में विजयी आगाज करना चाहेगा
इंडिया इस मैच को जीतकर वर्ल्ड कप में विजयी आगाज करना चाहेगा जबकि लगातार दो मैच हार चुका द. अफ्रीका पहली जीत के लिए बेताब रहेगा। भारत ने अपने पहले मैच के लिए दिनेश कार्तिक, विजय शंकर, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। द. अफ्रीका ने पिछले मैच की टीम में दो बदलाव कर एडम मार्करैम की जगह हाशिम अमला को और लुंगी नजीडी की जगह तबरेज शम्सी को शामिल किया।
द. अफ्रीकी टीम खिलाड़ियों की फिटनेस से जूझ रही हैं। डेल स्टेन कंधे की चोट के चलते वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं जबकि लुंगी नजीडी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण 10 दिनों के लिए बाहर है और इस मैच में नहीं खेलेंगे। हाशिम अमला चोट से उबर चुके है और टीम में मार्करैम की जगह उनकी वापसी हुई।
वर्ल्ड कप में द. अफ्रीका का पलड़ा भारी : वर्ल्ड कप में इनके बीच अभी तक चार मैच हुए, इनमें से तीन मैच द. अफ्रीका ने जीते जबकि भारत एक मैच ही जीत पाया है। इनके बीच वनडे में 83 मैच हुए जिनमें से द. अफ्रीका ने 46 और भारत ने 34 मैच जीते हैं। इनके 3 मैच बेनजीता रहे।




