बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम, जानें छत्तीसगढ़ के इस संकल्प बजट में चिकित्सा के क्षेत्र में क्या है खास
रायपुर। CG Budget 2026: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कार्यकाल का तीसरा बजट पेश किया है। यह बजट नए विधानसभा भवन में पहली बार पेश किया गया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, महिला और युवाओं को ध्यान में रख कर बजट पेश किया गया है। वहीं स्वास्थ्य व चिकित्सा संबंधी कई प्रावधान किए गए हैं।
नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और संचालन
कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे राज्य के शासकीय कर्मचारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे आर्थिक बोझ कम होगा। दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। कुनकुरी, मनेंद्रगढ़ और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन हेतु ₹50 करोड़ का प्रावधान।
नई स्वास्थ्य अधोसंरचना का निर्माण
CG Budget 2026: इसके साथ ही रायपुर के कालीबाड़ी में 200 बिस्तरों वाला MCH (मातृ एवं शिशु अस्पताल) बनाया जाएगा। चिरमिरी में जिला अस्पताल के निर्माण का प्रावधान है। स्वस्थ छत्तीसगढ़ से विकसित छत्तीसगढ़ की ओर आधुनिक सुविधाओं, संस्थानों और वित्तीय प्रावधानों के माध्यम से राज्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। इन प्रावधानों से स्पष्ट है कि स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए सरकार “स्वस्थ छत्तीसगढ़” के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।




