जिले में बढ़ा पीलिया का खतरा, एक ही दिन में 42 पॉजिटिव केस, रहवासियों में फैली दहशत
अंबिकापुर। Ambikapur News: मौसम में बदलाव होते ही तरह-तरह की बीमारियां शुरू होने लगती है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पीलिया का खतरा बढ़ता जा रहा है। नवागढ़ इलाके में दूषित पानी की पुष्टि के बाद हड़कंप मच गया है। जिसने नगर निगम की पानी सप्लाई पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
दरअसल, नगर निगम के नल से लोगों के घरों में दूषित पानी पहुंचने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने इलाके से पानी के सैंपल लेकर जांच कराई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सीएमएचओ डॉ. पी.एस. मार्को ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच कराई, जहां एक ही दिन में लिए गए सैंपलों में 42 रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गईं। नवागढ़ क्षेत्र में कई लोग पीलिया से पीड़ित बताए जा रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
Ambikapur News: सीएमएचओ ने बताया कि, सभी मरीजों का इलाज जारी है और जरूरत पड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया जाएगा। वहीं, दूषित पानी की पुष्टि के बाद सीएमएचओ ने पीएचई के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।




