
अंबिकापुर : अंबिकापुर-बनारस मेन रोड पर 11 की रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा चठिरमा मोड़ के पास हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में छात्रा सहित युवक की मौत
घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। स्कॉर्पियो में दो लड़कियां और तीन लड़के सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सवार अपनी सीटों से उछल गए। कार के एयरबैग खुले, लेकिन टक्कर का प्रभाव इतना तेज था कि पीछे बैठी एक नाबालिग छात्रा और एक युवक की जान चली गई।
मृत छात्रा सारिका मिंज (17 वर्ष) भिट्ठीकला की निवासी थी और उर्सूलाइन स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ती थी। परिजनों के अनुसार वह तीन दिन पहले बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी।
READ MORE : GOLD-SILVER RATE TODAY : फिर बढ़ी सोने की चमक, चांदी के रेट में आज बदलाव नहीं
बारिश और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
घटना के समय बारिश हो रही थी और वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सड़क से फिसलकर पेड़ से जा टकराई। हादसे का पूरा दृश्य पास के एक घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में एक को महावीर हॉस्पिटल, तीन को मिशन हॉस्पिटल और छात्रा सारिका को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने दो मौतों की पुष्टि की है। स्कॉर्पियो चालक सहित तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
READ MORE : CG PLACEMENT CAMP : 621 पदों पर होगी भर्ती, 8वीं से स्नातकोत्तर तक के उम्मीदवारों को मौका
तेज रफ्तार से फिर छिना जीवन
यह हादसा एक बार फिर दिखाता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही कितनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की सक्रियता ने घायलों को समय पर मदद पहुंचाई, लेकिन दो जिंदगियां नहीं बचाई जा सकीं।




