
दुर्ग : जिले के विजयनगर क्षेत्र में चोरों ने एक सुनसान मकान को निशाना बनाते हुए 7 लाख के गहने और 50 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। चोरी की यह वारदात 10 जून को हुई, लेकिन घटना के 10 दिन बाद भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
CCTV में कैद हुई घटना
मोहन नगर थाना क्षेत्र की इस वारदात का वीडियो सामने आया है, जिसमें चोर दीवार फांदकर घर में घुसते, मेन गेट का ताला तोड़ते, फिर अलमारी के लॉकर को तोड़कर चोरी करते नजर आ रहे हैं। जाते समय चोरों ने CCTV कैमरे की ओर हाथ हिलाकर ‘टाटा-बाय-बाय’ भी किया, जिससे उनकी बेखौफ मानसिकता सामने आई है।

चेहरे खुले, फिर भी गिरफ्त से बाहर
CCTV फुटेज में चार चोरों का गिरोह दिख रहा है। इनमें से दो ने चेहरा ढका था, जबकि दो आरोपी पूरी तरह खुले चेहरे में दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना के समय परिवार था बाहर
मकान मालिक बिनय कुमार वर्मा (42) अपने परिवार के साथ बिलासपुर एक निजी कार्यक्रम में गए हुए थे। तभी पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। बिनय जब लौटे, तो देखा कि चोर दीवार फांदकर मेन गेट से दाखिल हुए थे। घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से 7 लाख के गहने व 50 हजार नकद गायब थे।
पुलिस जांच जारी, पर चोर अभी भी फरार
दुर्ग पुलिस की प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, लोगों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर नाराजगी है।




