खौफनाक वारदात: आरएसएस नेता के बेटे की फरसे और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
खेत में पशु चराने को लेकर शुरू हुआ विवाद, गांव में पीछा कर बेरहमी से दीवारदात को अंजाम

कुशीनगर:उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार की शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। खेत में पशु चराने के विवाद को लेकर दबंगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला सह संघचालक इंद्रजीत सिंह के छोटे बेटे उत्कर्ष सिंह (40) की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम किसी ने उत्कर्ष सिंह को सूचना दी कि उनके खेत में पशु चराए जा रहे हैं। उत्कर्ष तुरंत खेत पहुंचे और वहां झोपड़ी डालकर रहने वाले परिवार से आपत्ति जताई। मामूली कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के ही कन्हई यादव के चार बेटों ने उत्कर्ष पर हमला कर दिया।

पहले खेत में ही लाठी-डंडों से पीटा गया, फिर जान बचाने को भागे उत्कर्ष को गांव में घेर लिया गया। गुस्से से बेकाबू हमलावरों ने फरसे और डंडों से सिर, चेहरे, आंख और शरीर के कई हिस्सों पर वार किया। इतना ही नहीं, ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने उत्कर्ष की आंख फोड़ दी, कान काट डाले और जमीन पर गिरने के बाद भी उनका गला दबाकर बैठे रहे।
गांव में मचा हड़कंप
यह वारदात इतनी भयावह थी कि गांव के लोग सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ उत्कर्ष को पडरौना मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्र और सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के पिता इंद्रजीत सिंह की तहरीर पर सच्चिदानंद यादव, श्रीनिवास यादव, देवेंद्र यादव और ज्ञान यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इनमें से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि चौथे की तलाश जारी है।
परिवार में मातम
आरएसएस पदाधिकारी इंद्रजीत सिंह कसया गए हुए थे, जबकि उनके छोटे बेटे उत्कर्ष घर पर थे। घटना की खबर मिलते ही पूरा परिवार बेसुध हो गया। उत्कर्ष अखिल भारतीय गहरवार क्षत्रिय महासभा के जिला संगठन मंत्री भी थे। गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।




