Breaking news
Advertisement
छत्तीसगढ़दुर्गहादसा

दुर्ग में फैक्ट्री हादसा: भारी जंबो बैग गिरने से महिला मजदूर की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

 

दुर्ग जिले के छावनी क्षेत्र स्थित अग्रवाल मिनिरल एंड केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक भारी जंबो बैग गिरने से तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 58 वर्षीय महिला मजदूर जयंती साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जानकी यादव और पेमिन सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए बीएम शाह हॉस्पिटल और एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंबो बैग का वजन करीब 500 से 1000 किलोग्राम था। फैक्ट्री में काम कर रही कर्मचारी मानसी चन्द्राकर ने बताया कि हादसे के वक्त पांच मजदूर मौजूद थे, जिनमें से तीन इसकी चपेट में आ गए, जबकि दो अन्य ने किसी तरह भागकर जान बचाई।

READ MORE : छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चों को दी शुभकामनाएं और प्रेरणादायक संदेश

 

मृतक जयंती साहू के परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने बताया कि वह विधवा थीं और अपने बच्चों की अकेले देखभाल करती थीं। घरवालों ने जहां जयंती की मौत पर गहरा शोक जताया, वहीं घायलों के बेहतर इलाज और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही के हर पहलू की जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद से इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close