पटना में बनेगा फाइव स्टार ITC होटल, BSTDC और निजी कंपनी के बीच समझौता
जन-निजी भागीदारी मॉडल के तहत 1.5 एकड़ ज़मीन पर बनेगा लग्ज़री होटल, चार साल में पूरा होगा निर्माण
पटना: राजधानी पटना के आयकर चौराहे पर स्थित होटल पाटलिपुत्र अशोक की जमीन पर अब एक नया पांच सितारा होटल बनेगा. इसका निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत आईटीसी होटल्स द्वारा किया जाएगा. सोमवार को पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह की मौजूदगी में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) और कुमार इन्फ्राट्रेड के बीच एक समझौता (एमओयू) हुआ. इस दौरान चयनित निविदादाता और आईटीसी के बीच भी करार पर हस्ताक्षर किए गए.
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस ऐतिहासिक मौके पर पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह ने कहा कि पटना में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार कुल तीन फाइव स्टार होटल बनाने की योजना पर काम कर रही है. इसमें सबसे पहले होटल पाटलिपुत्र अशोक की भूमि पर आईटीसी होटल समूह द्वारा अगले चार सालों में फाइव स्टार होटल का निर्माण किया जाएगा. यह बिहार के पर्यटन के लिए एक बड़ा अवसर है.
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि होटल पाटलिपुत्र अशोक की 1.5 एकड़ भूमि पर न्यूनतम 140 कमरों वाला एक लक्जरी फाइव स्टार होटल बनाया जाएगा. इसके लिए मेसर्स कुमार इन्फ्राट्रेड एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड को ठेका दिया गया था. कंपनी ने इस प्रोजेक्ट के लिए आईटीसी होटल्स लिमिटेड का चयन किया है.
अन्य जगहों पर भी बनेंगे होटल
श्री सिंह ने बताया कि गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड परिसर में भी एक और फाइव स्टार होटल के लिए टेंडर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. वहीं, बीरचंद पटेल पथ पर स्थित सुल्तान पैलेस की जमीन पर फाइव स्टार होटल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जो हेरिटेज भवन को ध्यान में रखकर अपनी रिपोर्ट देगी. रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके अलावा, राजगीर में दो, वैशाली में एक और वाल्मीकिनगर में भी फाइव स्टार होटल बनाने की प्रक्रिया चल रही है.
4 साल में पूरा होगा निर्माण
कुमार इन्फ्राट्रेड के निदेशक मनीष कुमार ने बताया कि आज से ही बोधगया में आईटीसी होटल ने अपना काम शुरू कर दिया है और आज ही पटना में यह बड़ा समझौता हुआ है. आईटीसी समूह के एचडी अनिल चड्ढा ने कहा कि वे तय समय सीमा यानी चार साल के अंदर इस फाइव स्टार होटल का निर्माण पूरा कर लेंगे.
इस मौके पर बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा, और महाप्रबंधक चंदन चौहान सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
इस प्रोजेक्ट के लिए कुमार इन्फ्राट्रेड ने ₹7,57,00,000 + GST की सबसे अधिक बोली लगाई थी. समझौते के अनुसार, कंपनी को होटल की 1.5 एकड़ जमीन का बाजार मूल्य ₹28.5 करोड़ 11 सालों में ब्याज के साथ जमा करना होगा.




