पकड़ा गया गैंगस्टर विकास दुबे…उज्जैन में हुई गिरफ्तारी

उज्जैन। कानपुर के बिकरू में हुए शूटआउट के मुख्य आरोपी विकास दुबे को छह दिन के बाद गुरुवार सुबह 9 बजे नाटकीय ढंग से उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। उत्तर प्रदेश समेत तीन राज्यों की पुलिस उसे तलाश कर रही थी।
पिछले छह दिनों से उसके दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और मध्यप्रदेश में छिपने की खबर आ रही थी। उधर, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश पुलिस की कस्टडी में है। गिरफ्तारी कैसे हुई, इसके बारे कुछ भी कहना ठीक नहीं है।
विकास की गिरफ्तारी ऐसे हुई या सरेंडर किया
विकास ने गुरुवार सुबह बाबा महाकाल के दर्शन के लिए वीआईपी एंट्री के लिए 250 रुपए की रसीद कटवाई। इस दौरान उसने अपना सही नाम विकास दुबे ही लिखवाया। इसके बाद वह महाकाल बाबा के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में पहुंचा। दर्शन के बाद विकास वहां मौजूद जवानों के पास गया और बोला कि मैं कानपुर वाला विकास दुबे हूं, मुझे पकड़ लो।
उधर, विकास को पकड़वाने वाले सिक्योरिटी गार्ड गोपाल सिंह ने बताया कि मैंने शक होने पर उसे पूछताछ के लिए रोका तो वह आनाकानी करने लगा। मुझे और ज्यादा शक हुआ, तो मैंने पुलिस को बुलाया। इस पर उसने मेरे साथ झूमा-झटकी की। थोड़ी देर में पुलिस आई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ऐसा कहा जा रहा है कि वह खुद सरेंडर करने गया था।




